जबलपुर। सिविल लाइन्स इलाके में सोमवार सुबह मोबाइल कोर्ट के अचानक पहुंचने से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णमूर्ति मिश्रा के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक सोनी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज सविता की मोबाइल कोर्ट ने मुख्य मार्ग पर अचानक चेकिंग शुरू की। मोबाइल कोर्ट को देखते ही कई वाहन चालकों ने अपना रास्ता बदल लिया और जो युवक कॉलेजों के बाहर बेवजह खड़े थे, वे भी मौके से गायब हो गए। इस कार्रवाई के दौरान 10 वाहनों के चालान काटे गए और कुल 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस और प्रशासन की यह संयुक्त कार्रवाई यातायात नियमों का पालन करवाने के उद्देश्य से की गई थी। अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिना सूचना के इसी प्रकार मोबाइल कोर्ट का अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि यातायात व्यवस्था को सुधारा जा सके और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
