AAP कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा। इसमें RTO संतोष पाल को तत्काल प्रभाव से हटाने और उनके खिलाफ चल रही जांचों को निष्पक्षता से पूरा कराने की मांग की गई। AAP नेताओं ने ज्ञापन में बताया कि परिवहन अधिकारी संतोष पाल के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी केंद्रीय एजेंसियों ने आय से अधिक संपत्ति के गंभीर मामले दर्ज किए हैं। हाल ही में, ED के भोपाल जोनल कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के तहत कार्रवाई करते हुए संतोष पाल और उनकी पत्नी रेखा पाल की लगभग 3.38 करोड़ मूल्य की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, अधिकारी की सत्यापित वैध आय लगभग 73.26 लाख है। इसके बावजूद, उनके पास लगभग 4.80 करोड़ की संपत्तियां और व्यय पाए गए हैं। यह उनकी वैध आय से लगभग 4.06 करोड़ अधिक है। जांच में यह भी सामने आया कि बैंक खातों में ऋण की किस्तों के भुगतान से ठीक पहले बार-बार भारी मात्रा में नकद जमा कराया गया, जिसे संदेहास्पद माना जा रहा है। प्रशानिक अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और ज्ञापन को उचित माध्यम से राज्य सरकार और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों तक शीघ्र प्रेषित कर दिया जाएगा।
जांच पूरी होने तक पद से पृथक करें-
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक RTO संतोष पाल को तत्काल प्रभाव से कटनी जिले से हटाया या पद से पृथक किया जाए ताकि वे जांच को प्रभावित न कर सकें। संतोष पाल के विरुद्ध लंबित और प्रचलित सभी मामलों की उच्च स्तरीय और शीघ्र जांच सुनिश्चित की जाए।