भोपाल। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की भोपाल इकाई ने नगर निगम से जुड़े कथित घोटाले की जांच को तेज करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है। प्रकोष्ठ ने उन्हें 9 जून 2026 को दोपहर 12 बजे कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।(EOW) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, शिकायत के तहत नगर निगम भोपाल के अधिकारियों के खिलाफ क्लस्टर हाउस की निविदा प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच की जा रही है। इसी मामले में कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा दी गई शिकायत और प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर उनसे पूछताछ कर बयान दर्ज किया जाना है। यह मामला नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों के पालन को लेकर उठे सवालों से जुड़ा है, जिसमें कथित तौर पर वित्तीय गड़बडिय़ों की बात सामने आई है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित सभी दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है, ताकि जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। इस कार्रवाई को प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों की गंभीरता को दर्शाता है।