जबलपुर. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी का कांग्रेस ने पुरजोर विरोध शुरू कर दिया है. इसी क्रम में जबलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी, जबलपुर द्वारा सीएम द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए आंदोलन का ऐलान किया है.
कांग्रेस पार्टी का कहना है, कि मुख्यमंत्री जैसे बड़े पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की भाषा का उपयोग नहीं करना चाहिए। यह लोकतंत्र और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। इसी के विरोध में शहर जिला कांग्रेस द्वारा गांधी चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में महात्मा गांधी के आदर्शों को याद करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज किया जाएगा। साथ ही रघुपति राघव राजा राम भजन के माध्यम से प्रार्थना की जाएगी कि मुख्यमंत्री सही निर्णय लें और जनता के हित में काम करें।
यह कार्यक्रम 2 जून 2026 के शाम 6:00 बजे, गांधी प्रतिमा, टाउन हॉल, जबलपुर में आयोजित होगा। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोकतंत्र और जनता की आवाज को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है।
