जबलपुर। हनुमानताल थानान्तर्गत खाई मोहल्ला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्नेहा सोनकर नामक महिला को लोगों ने फांसी के फंदे पर लटकते देखा, महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर भी लोगों को उस वक्त लगी जब पति नकुल धुर्वे बुलाने के लिए घर आया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस के अनुसार खाई मोहल्ला में नकुल धुर्वे उम्र 23 वर्ष उमरावसिंह राठौर के किराए के मकान में अपनी पत्नी स्नेहा के साथ रहता है। बीती रात 12 बजे के लगभग नकुल कुछ देर के लिए घर से बाहर निकला, इस दौरान पत्नी स्नेहा सोनकर 22 वर्ष ने चुनरी का फंदा डालकर फांसी लगा ली। 12.40 बजे के लगभग नकुल पत्नी स्नेहा को खाना खाने के लिए कहने घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था, उसने खिड़की में लगा कूलर हटाया तो देखा कि स्नेहा फांसी के फंदे पर लटक रही है। पत्नी स्नेहा को इस हालत में देख नकुल चीख पड़ा, शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्होने स्नेहा को फांसी के फंदे पर लटकते देखा तो स्तब्ध रह गए। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए, उन्होने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि महिला ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाई है इस बात का खुलासा जांच के बाद हो पाएगा।