बजाज फाइनेंस में ऑनलाइन क्वेरी करने पर आया था फर्जी कॉल, घमापुर थाने में केस दर्ज
जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में रहने वाले एक युवक के साथ साइबर ठगों द्वारा 1 लाख 16 हजार 624 रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित युवक ने अपनी बहन की शादी के खर्च के लिए लोन का आवेदन किया था, जिसका फायदा उठाकर ठगों ने उसे अपनी जाल में फंसा लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर बैंक खाता नंबरों की जांच शुरू कर दी है।शिकायतकर्ता साहिल विश्वकर्मा, जो कि सेल्स का काम करता है, उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी तय हो चुकी है और उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। इसके लिए उसने बजाज फाइनेंस की वेबसाइट पर ऑनलाइन लोन के लिए क्वेरी की थी। प्रक्रिया पूरी करने के बाद 27 मई को उसके पास राजगोपाल कुंदन नाम के एक व्यक्ति का फोन आया। उस व्यक्ति ने साहिल से उसका एप्लीकेशन आईडी और अन्य जरूरी दस्तावेज व्हाट्सएप पर मांग लिए। साहिल ने जब 3 लाख रुपये के लोन की बात की, तो आरोपी ने उसे ब्याज और किस्त की जानकारी दी और प्रोसेसिंग फीस के रूप में 2550 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके कुछ समय बाद साहिल के पास एक और फोन आया, जिसमें बात करने वाले ने खुद को एसबीआई का बैंक मैनेजर बताया। उसने लोन मंजूर होने का झांसा देकर अलग-अलग चार्ज के नाम पर कुल 1 लाख 16 हजार 624 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
