khabar abhi tak

सिरफिरे आशिक ने शादी से मना करने पर युवती पर किया चाकू से हमला



जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके में शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज मयूर चौरसिया नामक युवक ने अपनी 30 वर्षीय महिला मित्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवती का गला रेत दिया और बचाव के दौरान उसके दाहिने हाथ पर भी गहरे जख्म आए। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता का मोबाइल छीनकर और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करके भाग गया। यह घटना तब हुई जब पीड़िता रामपुर में  किराए से रहने वाली अपनी 28 वर्षीय छोटी बहन, जो पेशे से डेटा ऑपरेटर है, के घर आई हुई थी। लहूलुहान हालत में युवती को इलाज के लिए पहले सुले और जबलपुर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्या के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

​ कटर से किया जानलेवा हमला

​रामपुर में पिछले 5 साल से रह रही डेटा ऑपरेटर युवती जब शाम करीब सवा 6 बजे अपनी ड्यूटी से कमरे पर वापस लौटी, तो बाहर से कुंडी लगी थी। दरवाजा खोलने पर उसने देखा कि उसकी बड़ी बहन खून से लथपथ हालत में दीवार के सहारे जमीन पर बैठी थी। पीड़िता ने अपनी बहन को बताया कि शाम करीब 4 बजे उसका दोस्त मयूर चौरसिया कमरे पर आया था। मयूर लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। जब उसने शादी के इस प्रस्ताव को साफ मना कर दिया, तो मयूर गुस्से में आ गया और उसने पास रखे चाकू से उसकी हत्या करने की नीयत से सीधे गले पर वार कर दिया।

​पुलिस कप्तान के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन हुआ

​इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्या ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के आदेश जारी किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठिकानों और छिपने की जगहों पर लगातार दबिश दे रही हैं ताकि उसे जल्द से जल्द हिरासत में लिया जा सके। गोरखपुर थाना पुलिस ने छोटी बहन की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी मयूर चौरसिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा १०९(१), ३३२(बी) और १२७(२) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में भर्ती पीड़िता की हालत डॉक्टरों के मुताबिक अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे सघन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak