जबलपुर। शादी डॉट कॉम मैट्रीमोनी साइट पर पंकज सिंह नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर जबलपुर की एक युवती को अपने जाल में फंसाने वाले बेंगलुरु के शादीशुदा आरोपी आदित्य सिंह को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को कुंवारा बताकर युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और शहर के होटल मैक्स, होटल शगुन व होटल एप्पल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। असलियत सामने आने पर जब पीड़िता ने दूरी बनाई, तो आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने पहले 14 मार्च को आईटी एक्ट और धमकी की शिकायत दर्ज कराई और बाद में 28 मार्च को दोबारा बयान दर्ज कराए, जिसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म की धारा बढ़ाकर आरोपी को बेंगलुरु से दबोच लिया।
फर्जी नाम से जालसाजी,होटलों में दुष्कर्म
बेंगलुरु निवासी शादीशुदा आरोपी आदित्य सिंह ने शादी डॉट कॉम पर पंकज सिंह के नाम से एक फर्जी आईडी तैयार की थी। इस प्रोफाइल के जरिए उसने जबलपुर की युवती से संपर्क साधा और खुद को अविवाहित बताकर उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। भरोसा जीतने के बाद आरोपी कई बार युवती से मिलने के लिए जबलपुर आया। यहां उसने पीड़िता को शहर के होटल मैक्स, होटल शगुन और होटल एप्पल ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे युवती की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।
असलियत खुलने पर ब्लैकमेलिंग का खेल
कुछ समय बाद जब पीड़िता को आरोपी आदित्य सिंह की असलियत और उसके पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली, तो उसने आरोपी से पूरी तरह बातचीत बंद कर दी। इसके बाद आरोपी अपने असली रूप में आ गया। उसने युवती को बातचीत बंद करने पर उसके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। आरोपी लगातार युवती को डराकर ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे तंग आकर पीड़िता ने कानून का सहारा लेने का फैसला किया।
बेंगलुरु से की गई गिरफ्तारी
पीड़िता ने शुरुआत में 14 मार्च को महिला थाने में आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और धमकी देने का मामला दर्ज करवाया था। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार परेशान करता रहा। इसके बाद युवती ने 28 मार्च को पुलिस के सामने दोबारा अपने विस्तृत बयान दर्ज कराए। बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म की धारा जोड़ी और एक विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश में बेंगलुरु भेजा। पुलिस टीम ने बेंगलुरु से आरोपी आदित्य सिंह को गिरफ्तार किया और जबलपुर लाकर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
