जबलपुर। जबलपुर के पाटन से लगे ग्राम झलोन तेंदूखेड़ा में मंगल रैकवार नामक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। देर रात मंगल की लाश जमीन पर पड़ी मिली, जिसे देख परिजनों ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर प्रताडऩा और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आज सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी का कहना है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि शव फंदे पर नहीं, बल्कि जमीन पर पड़ा मिला था। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने परिजनों को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और शव को तेंदूखेड़ा ले गए।
भाई ने कहा, भाभी के अवैध रिश्ते से परेशान थे-
मृतक के भाई राजू रैकवार ने आरोप लगाया है कि उनकी भाभी और रामशंकर रैकवार नामक व्यक्ति के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजू के अनुसार, भाई इस रिश्ते से मानसिक रूप से परेशान थे।
पत्नी से विवाद भी हुआ था-
राजू ने यह भी बताया कि तीन साल पहले तेंदूखेड़ा में दोनों को साथ पकड़ा गया था, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शनिवार शाम मंगल जब तालाब से मछली पकड़कर घर लौटे, तो पत्नी और उनके भाई के बीच विवाद हुआ।
मारपीट के बाद फंदे पर लटकाया गया है-
परिजनों का यह भी आरोप है कि मारपीट के बाद मंगल को फंदे पर लटकाया गया और जब उनकी मौत हो गई, तो शव को नीचे उतार दिया गया। मृतक की मां मझली बाई रैकवार ने भी अपनी बहू और रामशंकर रैकवार पर लंबे समय से मंगल को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचीं, तो शव जमीन पर रखा हुआ था।
कुछ माह पहले प्रेमी के साथ भागने का प्रयास कर रही थी-
उनका कहना है कि बहू और उसके प्रेमी के बीच कई वर्षों से संबंध थे और परिवार की ओर से समझाने के बावजूद सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी मंगल के साथ मारपीट की घटनाएं हुई थीं और कुछ महीने पहले बहू अपने प्रेमी के साथ जाने का प्रयास कर रही थी, जिसे परिवार ने रोक लिया था।
पत्नी ने आरोपों से किया इंकार-
मृतक की पत्नी दसोदा रैकवार ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि घटना वाले दिन मंगल मछली लेकर घर आए थे। बच्चे मोबाइल फोन देख रहे थे, जिस पर उन्होंने बच्चों को डांटा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और मंगल ने उनके साथ मारपीट की। वह बच्चों के साथ छत पर चली गई कुछ देर बाद नीचे से आवाज आने पर उन्होंने देखा कि मंगल फंदे पर लटके हुए हैं। उन्होंने रस्सी काटकर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।