khabar abhi tak

इटारसी स्टेशन पर चलती ट्रेन पकडऩे में गिरी जबलपुर की महिला के दोनों पैर कटे, तीन वर्षीय बेटा भी घायल

इटारसी. पमरे के इटारसी रेलवे जंक्शन पर सोमवार 1 जून की सुबह एक हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर चलती ट्रेन में चढऩे की कोशिश के दौरान जबलपुर निवासी 25 वर्षीय महिला अपने तीन साल के बेटे के साथ ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए, जबकि बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, जबलपुर जिले के बिलपुरा मड़ाई निवासी अंजलि कश्यप अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ गाड़ी संख्या 22187 रानी कमलापति-अधारताल इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। सोमवार सुबह ट्रेन के इटारसी स्टेशन से रवाना होने के दौरान उन्होंने चलती ट्रेन में चढऩे का प्रयास किया। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह बच्चे समेत ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरीं।

यात्रियों ने अलार्म चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई

घटना होते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सहयात्रियों ने तत्काल अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) कर ट्रेन रुकवाई और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई विक्रम सिंह, जसवंत सिंह, राजेश कुमार और नवाब सिंह मौके पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों और सफाई कर्मियों की मदद से महिला और बच्चे को ट्रैक से बाहर निकाला गया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण एंबुलेंस का इंतजार किए बिना उन्हें निजी ऑटो से शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

एक पैर जांघ के पास से, दूसरा पैर पंजे के हिस्से से कटा

डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में महिला का एक पैर जांघ के पास से और दूसरा पैर पंजे के हिस्से से कट गया है। वहीं बच्चे की पीठ पर हलकी चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अधारताल इंटरसिटी सुबह 6:33 बजे इटारसी स्टेशन पहुंची थी। हादसे के बाद ट्रेन करीब आधे घंटे तक रुकी रही और सुबह 7:09 बजे रवाना हो सकी। रेलवे ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढऩे या उतरने की कोशिश न करने की अपील की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak