सुरक्षा व्यवस्था न मिलने पर मॉल हुआ सील
विजय नगर स्थित एस आर मॉल का निरीक्षण करने पर पाया गया कि वहां की अग्नि सुरक्षा प्रणालियां पूरी तरह से निष्क्रिय पड़ी हैं। साथ ही मॉल संचालक शिवकुमार रघुवंशी की ओर से भवन निर्माण स्वीकृति और लिफ्ट के जरूरी दस्तावेज भी मौके पर नहीं दिखाए गए। मॉल जैसे सार्वजनिक स्थल पर भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा के प्रति ऐसी लापरवाही को प्रशासन ने बेहद गंभीर माना है। इस कार्यवाही के तहत एस आर सिनेमा, फूड कोर्ट और रिलायंस स्मार्ट स्टोर को भी बंद कर दिया गया है। नगर निगम का स्पष्ट कहना है कि जब तक संचालक सभी सुरक्षा मानक पूरे नहीं कर लेते और संबंधित विभागों से सत्यापन नहीं करवा लेते, तब तक मॉल परिसर पूरी तरह से बंद रहेगा।
रिहायशी इलाकों में ज्वलनशील सामान का मिला भंडारण
चेरीताल की सरस्वती कॉलोनी में स्थित बजाज एंटरप्राइजेज और पारस एजेंसी पर भी निगम की गाज गिरी है। जांच में सामने आया कि इन दोनों परिसरों में न तो आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे और न ही इनके पास भवन निर्माण संबंधी वैध दस्तावेज उपलब्ध थे। सबसे ज्यादा खतरा रिहायशी इलाके के बीचों-बीच अत्यधिक मात्रा में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण पैदा हो रहा था। बिजली के कनेक्शन भी पूरी तरह से असुरक्षित स्थिति में पाए गए। जन-जीवन को जोखिम में डालने वाली इन गतिविधियों के कारण निगम टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का पालन न करने वाले किसी भी संस्थान को भविष्य में भी बख्शा नहीं जाएगा और यह जांच अभियान निरंतर चलता रहेगा।


