जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित बड़ी खेरमाई दुर्गा चौक में पुरानी रंजिश के चलते एक घर पर सुअरमार बम से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रहने वाली 39 वर्षीय पिंकी गुप्ता के पुत्र यश गुप्ता से सिंधी कैंप भानतलैया निवासी आरोपी सम्राट सोनकर की पुरानी दुश्मनी चल रही है। इसी विवाद में सम्राट सोनकर ने अपने एक साथी के साथ स्कूटी पर आकर पिंकी गुप्ता के घर पर दो बम फेंके, जिसमें से दूसरा बम दरवाजे पर जोरदार धमाके के साथ फट गया। दहशत फैलाने की इस वारदात के बाद हनुमानताल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला स्कूटी सवार बदमाशों की बमबाजी का राज
पीड़िता पिंकी गुप्ता जब धमाके की आवाज सुनकर घर के बाहर आईं तो उन्हें दरवाजे के पास धुआं, धागे, कागज और पत्थर के टुकड़े बिखरे मिले। उन्होंने मौके से सिंधी कैंप भानतलैया निवासी आरोपी सम्राट सोनकर को उसके साथी के साथ स्कूटी से भागते हुए देखा। इसके बाद जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, तो पूरी वारदात साफ हो गई। फुटेज में आरोपी स्कूटी से आता दिखाई दे रहा है, जिसने पहले एक बम घर की तरफ फेंका जो मिसफायर हो गया और नहीं फटा। इसके तुरंत बाद आरोपी ने दूसरा सुअरमार बम दरवाजे पर दे मारा, जिससे वहां तेज विस्फोट हो गया।
पुत्र से पुरानी रंजिश के कारण पूरे परिवार को डराने की थी साजिश
पिंकी गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी सम्राट सोनकर की उनके पुत्र यश गुप्ता से काफी समय से रंजिश चल रही है। इसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने और पूरे परिवार में खौफ पैदा करने के इरादे से आरोपी ने इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से फरार स्कूटी सवार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है।
