khabar abhi tak

मकान की छत पर काम करते समय बिजली के तार से लगा करंट, युवक ने तोड़ा दम



बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम खापा ग्वारी में भी रोटरवेटर की चपेट में आने से 28 वर्षीय हर्ष नामदेव की मौत

जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गाड़ाघाट में एक मकान के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। पौड़ीखुर्द गांव के रहने वाले लक्ष्मण लोधी ने पाटन थाने में इस घटना की आधिकारिक सूचना दर्ज कराई है। लक्ष्मण ने बताया कि वह अपने साथी दिलीप गौंड और 20 वर्षीय संजू संजय लोधी के साथ सिमरिया गांव के रहने वाले ठेकेदार अर्जुन लोधी के बुलावे पर काम करने गए थे। यह सभी लोग गाड़ाघाट निवासी कमलेश मल्लाह के घर की छत पर स्लैब डालने का काम कर रहे थे। सोमवार की दोपहर करीब 2:30 बजे जब काम चल रहा था, तभी छत के ठीक ऊपर से गुजरे हुए बिजली के एक नंगे तार को संजय लोधी लकड़ी या किसी अन्य चीज से ऊपर करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसका हाथ तार के संपर्क में आ गया और उसे बिजली का जोरदार झटका लगा। करंट लगते ही संजय बेसुध होकर छत से सीधे नीचे जमीन पर आ गिरा। वहां मौजूद अन्य मजदूरों और आस-पड़ोस के लोगों ने आनन-फानन में घायल संजय को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसी तरह का एक अन्य दुखद हादसा बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम खापा ग्वारी में भी हुआ। यहां खेत में काम करते समय 28 वर्षीय हर्ष नामदेव अचानक ट्रैक्टर के पीछे चलने वाले रोटरवेटर की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। बरगी और पाटन थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया है और हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak