जबलपुर। शहर के दीक्षितपुरा क्षेत्र में बुधवार को मन्नूलाल अस्पताल के पास स्थित हनुमान मंदिर के बाहर लगे बिजली के खंभे में आग लग गई। हादसे के वक्त खंभे से ऊंची लपटें और काला धुआं उठने से आसपास के दुकानदारों तथा स्थानीय रहवासियों में दहशत फैल गई। नागरिकों ने तुरंत बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चिंगारियां तेजी से फैल रही थीं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। क्षेत्रीय निवासी नलिन श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम करीब 1 घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस बीच स्थानीय लोग अपने स्तर पर ही आग बुझाने और उसे फैलने से रोकने की कोशिश करते रहे।
देरी से पहुंची दमकल, भड़के स्थानीय लोग
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो वह पास की दुकानों और दूसरी विद्युत लाइनों को अपनी चपेट में ले सकती थी। दीक्षितपुरा क्षेत्र के नागरिकों के अनुसार यहाँ कई जगहों पर बिजली के तार पेड़ों की टहनियों के बेहद करीब से गुजर रहे हैं। तेज हवा चलने पर अक्सर शॉर्ट सर्किट की स्थिति बन जाती है, जिससे यहाँ हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
