khabar abhi tak

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली भव्य दीक्षांत यात्रा, फाइनल रिहर्सल में छात्र-छात्राओं ने सीखा प्रोटोकॉल



राष्ट्रपति मुर्मू की मौजूदगी में आरडीवीवी का दीक्षांत उत्सव कल ,तैयारियां पूरी

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36 वां दीक्षांत समारोह रविवार 21 जून को आयोजित होने जा रहा है, जिसमें भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक गरिमा के साथ फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल की गई, जिसमें कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल, संकायाध्यक्ष, कार्यपरिषद सदस्यों सहित उपाधि व पदक धारक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में राष्ट्रपति मुर्मू के साथ प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी उपस्थित रहेंगे। सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने भी अपनी टीमों के साथ विश्वविद्यालय परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया।

​मंच से 20 मेधावियों को देश की प्रथम नागरिक पहनाएंगी गोल्ड मेडल

​विश्वविद्यालय प्रशासन और दीक्षांत आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एस.एस. संधु व प्रो. राकेश बाजपेयी के अनुसार निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंच से 20 उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। इसके बाद शेष पदक और डिग्रियां उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार द्वारा वितरित की जाएंगी। समारोह में कुल 66 स्वर्ण पदक, 155 पीएचडी, 03 डी. लिट्, 01 डीएससी और 01 मानद उपाधि सहित कुल 160 उपाधियां प्रदान की जानी प्रस्तावित हैं। इस विशेष अवसर को लेकर छात्र-छात्राओं में भारी उत्सुकता है। समिति सदस्य प्रो. ममता राव ने बताया कि रिहर्सल के दौरान सभी प्रतिभागियों ने मंच तक जाने और गरिमापूर्ण तरीके से सम्मान ग्रहण करने का पूरा अभ्यास किया है, ताकि मुख्य कार्यक्रम में अनुशासन बना रहे।

​अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विवि परिसर में चला विशेष हस्ताक्षर अभियान

​इस बार दीक्षांत समारोह का संयोग अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के साथ बन रहा है, जिसे देखते हुए विश्वविद्यालय के बीएड विभाग ने योग से योग्यता तक दीक्षांत संकल्प- 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया। विभाग प्रमुख प्रो. अलका नायक के मार्गदर्शन में परिसर के भीतर एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलगुरु प्रो. राजकुमार आचार्य, शोधार्थियों, स्वर्ण पदक विजेताओं और प्राध्यापकों ने बढ़-चढ़कर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीएड विभाग की फैकल्टी डॉ. रानी वैद्य, डॉ. निधि दरबारी, डॉ. परिधि वर्मा, डॉ. अमृषा देशमुख, डॉ. दीप्ति जैन, डॉ. डिम्पल वर्मा, डॉ. कपिला शर्मा, डॉ. मोहसिना खान, डॉ. अनुपमा ब्यौहार और डॉ. स्वाती शरण ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरा विवि परिसर इस समय आकर्षक रोशनी और साज-सज्जा से सराबोर है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak