जबलपुर। चाची नजमा, चचेरी बहन अमरीन गलत इल्जाम लगा रहे है, मैं जहर खा लूंगी, तुम बच्चों को सम्हाल लेना। केन्ट क्षेत्र में रहने वाली महिला शमा परवीन ने पति जावेद को मोबाइल पर यह बात कहकर जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। पति घर पहुंचा तो देखा पत्नी की हालत खराब थी, उठाकर निजी अस्पताल ले गए, जहां पर शमा परवीन की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार एपीएन स्कूल केंट क्षेत्र में रहने वाली जावेद घोषी उम्र 40 वर्ष जीसीएफ फैक्टरी में कार्यरत है। बीती शाम 6 बजे के लगभग पत्नी शमा परवीन ने मोबाइल फोन पर कहा कि चाची नजमा एवं चचेरी बहन अमरीन उस पर गलत इल्जाम लगा रहे हैं मैं जहर खा लूंगी तुम बच्चे सम्भाल लेना तथा जल्दी घर आने के लिये कहा। पत्नी शमा की बात सुनकर जावेद घबर गया, वह घर पहुंचता इससे पहले शमा परवीन ने जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया। जावेद आया तो छोटे भाई शाहिद ने बताया कि भाभी ने जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया है। जावेद अन्य परिजनों की मदद से शमा को जिला अस्पताल विक्टोरिया लेकर आया, यहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल रेफर कर दिया। जावेद मेडिकल अस्पताल न जाकर गोलबाजार स्थित निजी अस्पताल पहुंचा। डाक्टरों ने हालत को देखते हुए शमा परवीन को भरती कर लिया, लेकिन उपचार के दौरान शमा परवीन की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में जो भी तथ्य सामने आएगें उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।