पनागर के मुढिय़ा गांव में रहने वाला सुनील चढ़ार निवासी ग्राम मुढिय़ा पनागर पाटन निवासी दीपशिखा से एक तरफा प्यार करता रहा और शादी करना चाहता था। दोनों आपस में रिश्तेदार होने के कारण परिजन इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। वहीं नर्स दीपशिखा की दूसरी जगह शादी तय हो गई। इस बात की जानकारी जैसे ही सुनील को लगी तो वह गुस्से से आगबबूला हो गया, उसने दीपश्खिा से पहले तो बात की जब वह तैयार नहीं हुई तो उसने हत्या करने की ठान ली। शाहगढ़ जिला सागर में के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। वह अस्पताल से करीब 100 मीटर दूर किराए के कमरे में रहती थीं। 4 फरवरी की रात दीप शिखा की ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। वह अपने कमरे से पैदल अस्पताल जा रही थीं। अस्पताल के गेट के पास पहुंचते ही आरोपी ने उनका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और कट्टे से तीन फायर किए। इनमें से एक गोली चूक गई, जबकि दो गोलियां उनकी पीठ में दिल के पास लगीं। गंभीर चोट लगने से दीपशिखा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद से सुनील मुम्बई व अहमदाबाद में फरारी काट रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पद दबिश दे रही थी। इस बीच पुुलिस को खबर मिली कि सुनील अपनी मां की तबियत खराब होने के कारण पनागर के ग्राम मुढिय़ा स्थित अपने घर आया है। जिसपर पुलिस की टीम ने दबिश देकर सुनील को गिरफ्तार कर लिया।
चचेर भाई ने दी थी पिस्टल, उसे भी पुलिस ने किया गिरफ्तार-
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है, जिसे उसके चचेरे भाई सौरभ ने दिया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को लेकर बुधवार को पुलिस सागर पहुंची।
फरारी में मोबाइल का उपयोग नहीं कर रहा था आरोपी-
आरोपी की पहचान होने पर पुलिस ने उसके गांव और रिश्तेदारों के घर दबिश दी। लेकिन वह नहीं मिला। साइबर सेल को लोकेशन ट्रेस करने लगाया गया। मगर आरोपी न तो मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा था और न ही परिजन व रिश्तेदारों से संपर्क में था। वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। फरारी के दौरान आरोपी पीथमपुर, अहमदाबाद की फैक्ट्रियों में काम करता था। वर्तमान में वह अहमदाबाद में गुटखा फैक्ट्री में काम कर रहा था।
मेरी नहीं तो किसी और की भी नहीं हो सकती, इसलिए मारी गोली-
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नर्स से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। हालांकि, नर्स की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी और जल्द ही विवाह होने वाला था। आरोपी ने नर्स पर उससे शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया। इससे आरोपी नाराज हो गया और गुस्से में आकर उसने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे यह स्वीकार नहीं था कि नर्स किसी और की हो जाए। इसी मानसिकता के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।