सतना। सतना रेलवे स्टेशन पर आज सुबह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे ट्रेन मैनेजर (गार्ड) अवनीश कुमार पटेल की अचानक तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई। प्लेटफॉर्म पर गिरने के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
खबर है कि अवनीश कुमार पटेल की आज सुबह करीब 8.30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 से यार्ड में खड़ी मालगाड़ी लेकर छिवकी जाने की ड्यूटी थी। वे ड्यूटी के लिए प्लेटफॉर्म पर पहुंचे ही थे कि अचानक वे वहीं गिर पड़े। अवनीश पटेल को गिरते देख प्लेटफार्म पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई, यात्रियों ने तत्काल रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी। कर्मचारियों ने बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। अवनीश कुमार पटेल का परिवार फतेहपुर में रहते है। खबर मिलते ही परिजन सतना के लिए रवाना हो चुके हैं।
Tags
satna