खुद को उज्जैन का व्यापारी बताकर मोबाइल देने के नाम पर की थी ढाई लाख से अधिक की धोखाधड़ी
जबलपुर। एक मोबाइल व्यापारी से 2 लाख 52 हजार 680 रुपए की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए शनिवार को झाबुआ जिले की पुलिस टीम जबलपुर पहुंची। यहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई और ठगों का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली और टीम को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। साइबर अपराधी ने खुद को उज्जैन का बड़ा व्यापारी बताया था और सस्ते दामों पर मोबाइल फोन बेचने का झांसा देकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। मामले के विवरण के अनुसार झाबुआ के थांदला में रहने वाले रवि गादिया एक मोबाइल दुकान चलाते हैं। उनके व्हाट्सएप पर जबलपुर के एक व्यक्ति ने संपर्क किया था और स्वयं को उज्जैन का व्यापारी बताते हुए बाजार से कम कीमत पर मोबाइल फोन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया था। रवि उसकी बातों में आ गए और उन्होंने कुल 2 लाख 52 हजार 680 रुपए उस व्यक्ति द्वारा बताए गए बैंक खाते में भेज दिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद भी जब मोबाइल फोन की डिलीवरी नहीं हुई और संपर्क टूट गया, तब पीड़ित ने झाबुआ में इस ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच के दौरान जब तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि ठग जबलपुर का रहने वाला है, तो झाबुआ पुलिस की टीम यहां कार्रवाई के लिए आई थी।
