जबलपुर। एमपी के जबलपुर के केंटोनमेंट एरिया मेेंं पेयजल आपूर्ति एक बड़ी समयस्या बनकर उभरी है। नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले रांझी जल शोधन संयत्र से तीन जून से एक टाइम वॉटर सप्लाई की जा रही है। वहीं अब कैंट बोर्ड के प्रबंधन में आने वाले क्षेत्रों में भी एक समय ही पेयजल आपूर्ति होगी। कैंट बोर्ड ने इसके पीछे भूमिगत जल स्तर के नीचे जाने को मुख्य वजह बताया है।
कैंट बोर्ड कार्यालय से जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि 10 जून से पूरे कैंट क्षेत्र में केवल सुबह पानी (एक ही टाइम) की आपूर्ति की जाएगी, ताकि आमजन अपनी आवश्यकता की पूर्ति के लिए पानी को एकत्र कर सकें। सीईओ राजीव कुमार ने कैंट वासियों से अपील की है कि भूमिगत जल के लगातार गिरते स्तर को बचानें एवं पानी की आपूर्ति पूरी करने के लिए पानी का दुरूपयोग बंद करें।
वाहनों की धुलाई पर रोक
साथ ही साथ कैंट क्षेत्र में वाहनों की धुलाई का कार्य कर रहे समस्त दुकानदारों, गाडी मैकेनिकों आदि को आदेशित किया जाता है कि आगामी आदेश तक गाडिय़ों की धुलाई का कार्य पूर्ण रूप से बंद रखेें। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध जुर्माना वसूलने के साथ-साथ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही साथ पानी का दुरूपयोग करने के कारण नल कनेक्शन-बोरिंग आदि की जब्ती की जाएगी। जिसकी समस्त जिम्मेदारी उपभोक्ताओं की स्वयं की होगीं। कैंट बोर्ड प्रशासन का यह आदेश पूरे कैंट क्षेत्र के समस्त रहवासियों/ व्यापारियों के लिए आगामी मानसून आने तक प्रभावी रहेगा।
टेंकर से सप्लाई
कैंट बोर्ड द्वारा कटंगा और उससे लगे पहाड़ी क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। एपीआर कालोनी के प्रणव अवस्थी ने बताया कि पूरे क्षेत्र का जलस्तर गिर गया है। निजी बोरवेल भी दस मिनट से ज्यादा पानी नहीं दे पा रहे हैं।
