बताया गया है कि मुजफ्फरपुर निवासी ट्रक चालक शिवम सिंह अपने ट्रक में सामान लोड कर उमरिया से कटनी की ओर रवाना हुआ, जब वह विलायत कला ग्राम में स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सामने से गुजर रहा था, इस दौरान सामने से आए ट्रक से भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में दोनों ट्रकों के अगले हिस्से (केबिन) बुरी तरह पिचक गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। टक्कर के कारण चालक शिवम सिंह ट्रक के केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया, जिससे उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया। मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने भारी मशक्कत के बाद लहूलुहान चालक को केबिन से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस का इंतजार करने में समय गंवाने के बजाय तुरंत एक निजी वाहन की व्यवस्था की और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल चालक का अत्यधिक खून बहना रोकने के लिए प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हाथ कटने और भारी रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई थी। चालक शिवम सिंह की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को हाईवे से हटवाया। इसके बाद वाहनों क ी आवाजाही शुरु हो सकी।