khabar abhi tak

बिजली नेटवर्क को और मजबूत करेगी एमपी ट्रांसको,बैठक में हुए अहम फैसले




प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने दिए कड़े निर्देश लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक जबलपुर मुख्यालय में आयोजित की गई। इस दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक में प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने प्रदेश में चल रही राष्ट्रीय महत्व और राष्ट्रीय हित से जुड़ी सभी पारेषण परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन कार्यों को तय समय-सीमा से पहले और उच्चतम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में सिंहस्थ 2028 सहित प्रदेश के सभी पारेषण विस्तार और अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने की बात कही गई, ताकि काम समय पर पूरे हो सकें। प्रबंध संचालक ने विभागाध्यक्षों, मुख्यालय और फील्ड के अधीक्षण अभियंताओं को संबोधित करते हुए मानसून के दौरान निर्बाध बिजली सप्लाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

मानसून में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने की बड़ी तैयारी

​बैठक में बारिश के मौसम में अतिवृष्टि और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए प्रदेश के 43 हजार सर्किट किलोमीटर से अधिक के ट्रांसमिशन नेटवर्क और 417 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशनों के बेहतर संचालन पर चर्चा हुई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और बिना रुकावट बिजली पारेषण के लिए क्विक रिस्पांस टीमों को पूरी तरह अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और वेंडर्स पर सख्त कार्रवाई होगी, साथ ही उनके जायज बिलों का भुगतान भी समय पर करना होगा। भुगतान में देरी करने वाले अधिकारियों पर भी नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, जबकि काम में देरी करने वाले वेंडर्स को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

साइबर सुरक्षा और विकास कार्यों की गहन समीक्षा

​इस बैठक में केंद्र सरकार के नियमों के तहत पावर सेक्टर की साइबर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। मुख्यालय और फील्ड की टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए ट्रांसमिशन लाइनों की स्थिति, ट्रिपिंग की घटनाओं, सबस्टेशनों के रखरखाव और ट्रांसफॉर्मरों की लोडिंग जैसे तकनीकी मुद्दों पर बात हुई। इसके साथ ही पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना के तहत 33 केवी के 152 फीडर बे कार्यों की प्रगति देखी गई। जेम पोर्टल के उपयोग, ई-ऑफिस प्रणाली के विस्तार और सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और समापन राष्ट्रीय गान से हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak