जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के रांझी थाना अंतर्गत गंगा मैया टाइप-2 व्हीकल फैक्ट्री इलाके में पिछले दिनों मामूली कहासुनी में नाबालिगों द्वारा की गई चाकूबाजी में घायल 13 वर्षीय जॉनसन पिल्ले की अंतत: इलाज के दौरान मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि गंगा मैया क्षेत्र निवासी जॉनसन पिल्ले का अपने ही परिचित दो नाबालिगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज से बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने आक्रोश में आकर चाइना चाकू से जॉनसन पॉल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल जॉनसन सड़क पर ही गिर पड़ा, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
