जबलपुर। जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत क्षेत्र के चार कुख्यात अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें हर माह थाने में हाजिरी लगाने का आदेश जारी किया है। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर यह कदम उठाया गया है। आदेश के अनुसार, आधारताल थाना क्षेत्र के जगदंबा कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय लकी गोटिया और गोरखपुर थाना क्षेत्र के हाथीताल कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय कबीर यादव को अगले 4 माह तक हर माह की 15 और 25 तारीख को थाने पहुंचना होगा। साथ ही गोहलपुर थाना क्षेत्र के बंधैया मोहल्ला निवासी 34 वर्षीय गगन यादव और कटंगी थाना क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय अरबाज मंसूरी को 3 माह तक हर माह की 25 तारीख को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
क्या है इन आरोपियों का रिकॉर्ड
इन चारों अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। इनके विरुद्ध मारपीट, गाली गलौच, लूटपाट, अवैध शस्त्र रखने, चाकूबाजी, हत्या का प्रयास, घर में घुसकर तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी, बलवा करने और जुआ-सट्टा खेलने जैसे गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। कलेक्टर के इस आदेश का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और इन आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निरंतर अंकुश लगाना है। यदि ये अपराधी निर्धारित तिथियों पर थाने में उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन इन सभी की हर गतिविधि पर बारीक नजर रख रहा है ताकि आम जनता भयमुक्त होकर रह सके। प्रशासन की इस कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
