
जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के विजिलेंस विभाग ने गोंडवाना एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए तीन टीटीई को करीब 46 हजार रुपए से अधिक की राशि के साथ पकड़े जाने के बाद जहां तीनों टीटीई को सोमवार को ही निलंबित कर दिया गया था. वहीं रेल प्रशासन अब उन टीटीई की जानकारी जुटा रहा है, जो लंबे समय से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जाने वाली ट्रेनों में ड्यूटी कर रहे थे. माना जा रहा है कि शीघ्र ही मंडल रेल प्रशासन टीटीई की ड्यूटी में व्यापक बदलाव कर सकता है.
उल्लेखनीय है कि सोमवार को दिल्ली से जबलपुर पहुंची गोंडवाना एक्सप्रेस में विजिलेंस टीम ने जांच की। ट्रेन के एसी और स्लीपर कोच में टीटीई मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार और अनिकेश कुमार की ड्यूटी लगी थी। ट्रेन के जबलपुर पहुंचने से पहले यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से शिकायत की थी कि टीटीई यात्रियों से जुर्माना और पैसे तो वसूल रहे हैं, लेकिन उन्हें रसीद नहीं दे रहे। जिसके बाद विजिलेंस टीम जबलपुर स्टेशन पर तैनात हो गई और ट्रेन पहुंचते ही तीनों टीटीई की जांच की गई। जांच में टीम को उनके पास घोषित राशि से अधिक नकदी मिली। विजिलेंस टीम ने जब कैश का मिलान किया तो कुंदन कुमार के पास 32 हजार रुपए, अनिकेश कुमार के पास 14 हजार रुपए और मनोज कुशवाहा के पास 300 रुपए अतिरिक्त मिले।
कई टीटीई रसूखदार, दिल्ली की ड्यूटी ही ज्यादातर कर रहे
सूत्रों के मुताबिक जबलपुर में कई ऐसे टीटीई हैं जो काफी रसूखदार या कहें दबंग माने जाते हैं, उन्हें दिल्ली की ट्रेन की ड्यूटी ही पसंद होती है. येन-केन-प्रकारेण वे वीआईपी ट्रेन में ही ड्यूटी करते हैं, जबकि जिन लोगों की कहीं कोई एप्रोच नहीं होती, उन्हें आमतौर पर महाकोशल, शक्तिपुंज या प्रयागराज छिवकी जाने वाली ट्रेनों में तैनात किया जाता है.
टीटीई की ड्यूटी चार्ट में हो सकता है बदलाव
सूत्रों की माने तो इस घटना को प्रशासन ने काफी सीरियस लिया है. टिकट चैकिंग स्टाफ डायरेक्ट यात्रियों के बीच रहता है और वह रेलवे का मुखौटा माना जाता है, ऐसे में टीटीई की छवि का असर रेलवे पर पड़ता है. इसीलिए शीघ्र ही टीटीई की ड्यूटी डिटेल में व्यापक बदलाव हो तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए. वहीं लंबे समय से विभिन्न स्क्वाड में जमे चैकिंग स्टाफ को लाइन ड्यूटी और लाइन ड्यूटी वालों को स्क्वॉड में तैनात किया जा सकता है.