बैतूल. एमपी बैतूल के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर रविवार रात ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद छिंदवाड़ा निवासी युवक अली खान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह स्टेशन पर शव मिलने के बाद जीआरपी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर चुकी है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा निवासी अली खान अपने दोस्तों जयंत विश्वकर्मा, शिवम मालवीय, यश उर्फ रिक्की के साथ ट्रेन से यात्रा कर रहा था। बताया गया है कि अली नागपुर में नौकरी करता था और अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकला था। यात्रा के दौरान सभी एक ही ट्रेन में सवार थे और सामान्य रूप से सफर कर रहे थे। मृतक के साथियों के अनुसार यात्रा के दौरान परासिया स्टेशन के पास ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर अली खान का एक युवक से विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक कहासुनी हुई, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया और ट्रेन आगे बढ़ गई। हालांकि अली के दोस्तों का आरोप है कि विवाद खत्म होने के बाद भी दूसरे पक्ष के युवक ने इस बात को गंभीरता से लिया और अपने कुछ साथियों को फोन कर बोरदेही रेलवे स्टेशन बुला लिया।
बोरदेही स्टेशन पहुंचते ही हुआ हमला
साथियों ने पुलिस को बताया कि जब ट्रेन बोरदेही रेलवे स्टेशन पहुंची तब अली खान ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा हुआ था। इसी दौरान 12 से 15 लोगों का समूह वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसे ट्रेन से नीचे खींच लिया। आरोप है कि स्टेशन पर मौजूद युवकों ने अली खान के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके साथ डंडों से हमला किया गया और बेरहमी से पीटा गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि उसके दोस्त उसे बचा नहीं सके।
अन्य दोस्तों की भी तलाश कर रहे थे हमलावर
मृतक के साथियों का कहना है कि हमलावर केवल अली खान को ही नहीं, बल्कि उसके साथ यात्रा कर रहे अन्य युवकों को भी तलाश रहे थे। हमले की स्थिति देखकर अली के साथी अपनी जान बचाने के लिए दूसरे डिब्बों में जाकर छिप गए। उनका कहना है कि यदि वे वहां रुकते तो उनके साथ भी मारपीट हो सकती थी। घटना के बाद सभी साथी डरे हुए थे और किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचे। अली खान के दोस्तों ने आरोप लगाया है कि ट्रेन में जिस युवक से सीट को लेकर विवाद हुआ था, उसी ने अपने साथियों को बुलाकर हमला करवाया। उन्होंने दावा किया है कि फोटो और हुलिए के आधार पर उस युवक की पहचान की जा चुकी है।
आमला पहुंचकर जीआरपी को दी जानकारी
घटना के बाद अली खान के साथी आमला पहुंचे और वहां जीआरपी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। साथियों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। साथ ही घटनास्थल और रेलवे स्टेशन के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। जीआरपी प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि युवक की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
