बताया गया है कि कटनी से दमोह कोयला लेकर निकली मालगाड़ी जब हरदुआ स्टेशन के पास दोपहर करीब 2 बजे पहुंची तभी उसमें आग लग गई, एक बोगी से उठ रहे धुएं को देख हड़कम्प मच गया, देखते ही कोयले में आग लग गई, जिसकी लपटें उपर उठती दिखाई दी। घटना की खबर से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। स्टेशन मास्टर ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस की डायल-112 सेवा को दी। सूचना मिलते ही रीठी थाना क्षेत्र की डायल-112 टीम के प्रधान आरक्षक शमशेर सिंह और अन्य पुलिसकर्मी कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल की गाडिय़ों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 4 बजे धधकते कोयले की आग को पूरी तरह शांत किया।
कोयले के आपसी घर्षण के कारण भड़की थी चिंगारी-
रेलवे अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि मालगाड़ी चलने के दौरान बोगी के अंदर कोयले के टुकड़ों के बीच आपसी घर्षण (रगड़) होता है। इस घर्षण से उठी चिंगारी के कारण ही यह आग लगी थी। समय रहते कार्रवाई होने से किसी भी प्रकार के जान-माल या रेल यातायात का नुकसान नहीं हुआ है।
सुरक्षा जांच के बाद रवाना हुई मालगाड़ी-
आग पूरी तरह बुझने के बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने प्रभावित बोगी और पूरी ट्रेन की सुरक्षा जांच की। सभी सुरक्षा मानकों को सही पाए जाने के बाद मालगाड़ी को सुरक्षित उसके गंतव्य की ओर आगे के लिए रवाना कर दिया गया।