khabar abhi tak

तालाब में डूबने से दो बहनों की मौत, दोनों नाबालिग नहाने गई थी, कटनी की घटना

कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम मढिय़ा में शनिवार  13 जून की देर रात तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों नाबालिग बहनें दोपहर करीब 4 बजे नहाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद उनके शव तालाब से बरामद किए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक बहनों की पहचान मढिय़ा निवासी निधि लोधी (17) और उसकी छोटी बहन नेहा लोधी (14) के रूप में हुई है। शनिवार दोपहर वे गांव के बलराम तालाब में नहाने गई थीं। कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई।

ग्रामीणों ने तालाब से निकाला

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वे बलराम तालाब पहुंचे, जहां भी बहनों का पता न चलने पर उन्होंने तत्काल बाकल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाकल थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तालाब में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। तालाब का पानी गहरा होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई हुई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बहनों को तालाब से अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। पुलिस और परिजन तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak