khabar abhi tak

कपड़े डाई कराने गए युवक पर अचानक टूट पड़े दो बदमाश, पैर में घोंपा चाकू



जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुद्वारा के सामने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, केंट के बगीचा नंबर 55, पासी मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय आदित्य स्वामी ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित आदित्य तैयब अली पेट्रोल पंप के पास स्थित एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में काम करता है। शुक्रवार की रात करीब 9:45 बजे वह गोरखपुर गुरुद्वारा के सामने कपड़े डाई कराने के लिए गया था। इसी दौरान वहाँ साहिल ठाकुर नामक युवक आ गया, जो पुरानी रंजिश को लेकर आदित्य से विवाद और गाली-गलौज करने लगा।

​आरोपियों ने मारपीट कर युवक की जांघ पर चाकू से वार किया

​विवाद के दौरान ही साहिल ठाकुर का साथी प्रतीक भी मौके पर पहुँच गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर आदित्य के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच मारपीट करते हुए साहिल ठाकुर ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और आदित्य के बाएं पैर की जांघ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से आदित्य लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।

​पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की

​घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। गोरखपुर थाना पुलिस ने पीड़ित आदित्य स्वामी की लिखित शिकायत पर आरोपी साहिल ठाकुर और उसके साथी प्रतीक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak