सागर। सागर के खुरई में आज आमने सामने से हुई भिड़ंत में दो कार के परखच्चे उड़ गए, हादसे में एक कार में सवार दूल्हा-दुल्हन सहित सात लोग फंस गए, जिन्हे गेट तोड़कर बाहर निकाला गया है। हादसे में कार के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों को उपचार के लिए सागर के जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस के अनुसार सागर तोड़ा काछी गांव के रहने वाले प्रहलाद कुशवाहा की शादी बीना के बेसरा गांव की पूजा कुशवाहा से हुई, सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई करा परिवार अर्टिगा कार से वापस गांव के लिए निकला। जब वे खुरई से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान सागर की ओर से आ रही सफारी कार ने सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की और सीधे अर्टिगा से आ टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा के आगे वाले दोनों गेट दब गए और सवार उसके अंदर फंस गए। राह चलते लोगों ने देखा तो चीख पुकार मच गई, लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गेट तोड़ते हुए सभी को बाहर निकालकर खुरई के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया।
दूल्हा-दुल्हन सहित तीन की हालत गंभीर-
हादसे में दूल्हा प्रहलाद कुशवाहा, दुल्हन पूजा कुशवाहा, दूल्हे के जीजा नरेंद्र कुशवाहा की हालत गंभीर है। तीनों को सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्राइवर की मौत के बाद परिजन का गुस्सा फूट पड़ा। दूल्हे के रिश्तेदार सोनू कुशवाहा ने 108 एम्बुलेंस मैनेजमेंट पर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में गाडिय़ां खड़ी होने के बावजूद स्टाफ ने घायलों को सागर ले जाने में आनाकानी की।
Tags
sagar