जबलपुर। प्री-मानसून के सक्रिय होने से पूरा मध्य प्रदेश भीग रहा है। हालांकि मानसून इस बार प्रदेश में 5 दिन लेट पहुंचेगा। पहले आईएमडी ने मानसून के 12 जून तक पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन तय तारीख पर यह मानसून की दस्तक नहीं हुई। अब मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 18 जून तक मानसून एंटर हो सकता है। यानी 5 दिन लेट यहां मानसून पहुंचेगा।
आमतौर पर मानसून की दस्तक 15 जून के आसपास हो जाती है। हालांकि पिछले साल प्रदेश में मानसून 1 दिन लेट यानी 16 जून को दस्तक दी थी। मानसून ने बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों के रास्ते प्रदेश में एंट्री की थी। इस बार मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 18 जून तक मानूसन की एंट्री होने की संभावना जताई है।
एमपी में प्री मानसून सक्रिय होते ही कहीं तेज आंधी चल रही है तो कहीं ओले-बारिश का दौर जारी है। शनिवार-रविवार को भोपाल समेत कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। इस बीच मौसम केंद्र ने बताया कि मानसून के आने तक पूरे प्रदेश में प्री-मानसूनी एक्टिविटी जारी रहेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की आशंका है। जबलपुर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, राजगढ़, विदिशा, सागर, बालाघाट, मंडला, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, डिंडौरी, अनूपपुर, कटनी, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश होने की संभावना बन रही है। अगले पांच दिनों तक मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज रफ्तार में हवा चलेगी।
