हरदा. एमपी के हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बोलेरो में सवार ड्राइवर सहित पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के पांच कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हरदा और रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना ग्राम बारंगी के बस स्टैंड के पास सुबह करीब 11 बजे हुई। रेलवे टेक्नीशियन संतोष दुबे ने बताया कि वे तीन टेक्नीशियन और एक हेल्पर के साथ हरदा स्टेशन से बिजली का सामान लेकर खिरकिया स्टेशन पर केबल डालने के लिए जा रहे थे।
बारंगी बस स्टैंड पर एक यात्री बस सवारियां बैठाने के लिए रुकी हुई थी, जिसके पीछे उनकी बोलेरो गाड़ी भी रुकी थी। इसी दौरान मसनगांव की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पहले बस से टकराई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी।
डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया
हादसे में बोलेरो ड्राइवर राधाशरण पिता पूनमचंद सांखला (26) के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। टेक्नीशियन राजेंद्र पिता नानकराम जाट (34), लेखपाल पिता देवकीनंदन माहौर (27), संतोष पिता शिवानंद दुबे (37) और हेल्पर रामदास (59) को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। राधाशरण और राजेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि लेखपाल, रामदास और संतोष को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और लापरवाही पूर्वक टक्कर मारने वाले ड्राइवर की तलाश कर रही है।
