जबलपुर। जबलपुर के गढ़ा क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। यहां पर निवेश पर मुनाफा पाने के चक्कर में एक युवक अखिलेश दत्त ने लाखों रुपए गवां दिए। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर आए विज्ञापन को देखकर लिंक पर क्लिक कर दिया। लिंक खुलते ही अखिलेश के खाते से 3.20 लाख रुपए उड़ गए। रुपए कटते देख अखिलेश स्तब्ध रह गया, उसने बैंक को सूचना देते हुए थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया गया है कि छोटी बजरिया गढ़ा निवासी अखिलेश दत्त पडऱहा ने सोशल मीडिया पर निवेश संबंधी विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर दी गई जानकारी भरने के बाद एक व्यक्ति ने फोन कर 3.20 लाख रुपये निवेश करने पर तीन वर्षों तक प्रतिमाह 38 हजार रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। भरोस में आकर अखिलेश ने आरटीजीएस के माध्यम से राशि जमा कर दी। इसके बाद जब अखिलेश ने फोन पर संपर्क कर किश्त की मांग की तो आरोपियों से भुगतान करने से मना कर दिया, यहां तक कहा कि अतिरिक्त दो लाख रुपए जमा करे नहीं तो झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा। मुनाफा पाने के चक्कर में लाखों रुपए गवां चुके अखिलेश ने थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
Tags
jabalpur