मंडला. एमपी के मंडला जिले के महाराजपुर क्षेत्र में महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के आमगांव से उज्जैन के महाकाल मंदिर जा रही तीर्थयात्रियों से भरी एक मिनीबस गुरुवार तड़के दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा करीब 2:30 बजे हुआ, जब बस एक डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई।
मिनीबस में लगभग 24 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में लगभग छह यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक महिला का हाथ टूट गया।
सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। शेष यात्रियों के लिए संगम स्थित धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था की गई। दुर्घटनाग्रस्त मिनीबस को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाकर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिवाइडर पर रेडियम प्लेट नहीं
स्थानीय निवासियों का कहना है कि महाराजपुर रोड पर बना यह डिवाइडर लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। उनके अनुसार, डिवाइडर पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और रेडियम प्लेट नहीं लगाए गए हैं। इसके कारण रात के समय वाहन चालकों को डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे हादसे होते रहते हैं।
