भोपाल. एमपी के कई हिस्सों में प्री-मानसूनी गतिविधियों के चलते तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश रिकॉर्ड हो रही है तो वहीं, दूसरी तरफ गर्मी के तीखे तेवर भी देखने को मिल रहे हैं। भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट के अनुसार, फिलहाल, प्रदेशवासियों को उमस और गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किये गए हैं।
मध्य प्रदेश के लिए एक अच्छी खबर यह है कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार काफी बेहतर है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री 20 जून से पहले होने की अदिक संभावना बनी है। फिलहाल केरल से आगे बढ़कर मानसून महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में दस्तक दे चुका है, जिससे प्रदेश में भी प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं।
इन जिलों में होगा बारिश का दौर
पिछले एक हफ्ते से मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है। इनमें मुख्य रूप से भोपाल, नर्मदापुरम, सिवनी, सीहोर और खरगोन समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी है।
35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को देखते हुए प्रदेश के 35 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 से 60 कि.मी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली की भी आशंका जताई गई है।
9 और 10 जून को उत्तरी जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि, आगामी 9 और 10 जून को मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से के जिलों, जैसे- ग्वालियर-चंबल संभाग और बुंडेलखंड के कुछ इलाके में भीषण लू चलने की संभावना है। यहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को उमस और तपिश का सामना करना पड़ सकता है।
