अधिकारियों ने बताया कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक गेंदालाल अहिरवार ने लोकायुक्त में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनका 60 हजार रुपए का एरियर्स निकलना था। इसके लिए वह सांदीपनि विद्यालय की क्लर्क गंधाली कदम से मिले थे। आरोप है कि क्लर्क ने एरियर्स निकालने के बदले 3 हजार रुपए की मांग की थी, जो बाद में 2500 रुपए में तय हुई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। आज लोकायुक्त टीम स्कूल पहुंची। योजना के अनुसार शिक्षक ने क्लर्क गंधाली कदम को केबिन में जाकर 2500 रुपए दिए। जैसे ही पैसे दिए गए, लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। महिला क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।