खबर है कि सरकार ने पहली बार परीक्षा के लिए छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा परिजनों के बैठने और उनके नाश्ते के लिए अस्थायी कैंटीन भी बनाई जा रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों के लिए परीक्षा के दौरान बिजली और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। परिजनों के बैठने के लिए बनाए जाने वाले शेड में भी कूलर और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि 21 जून को दोपहर 12 बजे तक छात्रों को शहर के पेंटीनाका चौक से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी।
टेलीग्राम एप 22 जून तक बंद-
NEET परीक्षा रद्द होने के बाद अब 21 जून को देशभर में लाखों छात्र दोबारा परीक्षा में शामिल होंगे। NTA की मांग पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टेलीग्राम ऐप को 22 जून तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
दो दिन पहले लगाए जाएंगे CCTV-जैमर-
कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा के दौरान बिजली कटौती न हो, गर्मी से राहत मिले और परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी NEET परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर परीक्षा से दो दिन पहले लगा दिए जाएंगे।
VVIP मूवमेंट का रोडमैप तैयार-
21 जून को ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव का भी जबलपुर दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में छात्रों और VVIP मूवमेंट के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने विस्तृत रोडमैप तैयार कर लिया है। परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक मशीनें, CCTV कैमरे एवं जैमर 19 जून को ही स्थापित कर दिए जाएंगे, जबकि उनका अंतिम ट्रायल 20 जून को किया जाएगा।