जबलपुर. न्यायालय परिसर के अंदर किसी भी तरह के शस्त्र लेना जाना पूरी तरह निरुद्ध है, इसके बावजूद कई असामाजिक तत्व इन नियमों का घनघोर उल्लंघन करते पाये जाते हैं. ऐसा ही एक मामला आज बुधवार 3 जून को जिला न्यायालय परिसर में सामने आया, जब गेट पर जांच के दौरान एक युवक जिसका नाम बाबू है, के पास से बटनदार चाकू मिला. जिसे तत्काल ही जब्त करते हुए आरोपी को ओमती थाना के हवाले किया गया.
बताया जाता है कि सुबह कोर्ट खुलने के बाद गेट पर हर आने-जाने वाले की जांच वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा की जा रही थी. इसी दौरान आरक्षक क्रमांक 1696 ओम उपाध्याय ने जांच की तो घमापुर बाई का बगीचा निवासी बाबू सोनकर के पास एक बटनदार चाकू छुपाकर रखा था. जिस पर उसे पकड़ कर ओमती थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है. उल्लेखनीय है कि आरक्षक ओम उपाध्याय ने पिछले 2 माह में ही 9 लोगों को इसी तरह मुस्तैदी दिखाते हुए चाकू के साथ पकड़ा है. उनके इस कार्य की वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है.
