khabar abhi tak

जमीनी विवाद में ट्रैक्टर से रोंदी 15 एकड़ की फसल, पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों से हमला



भेड़ाघाट के ग्राम ज्वाप जमुनिया में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ खूनी संघर्ष

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम ज्वाप जमुनिया में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां कुछ दबंगों ने ट्रैक्टर चलाकर करीब 15 एकड़ खेत में खड़ी फसल को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। जब खेत के मालिक और उसके बेटे ने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठियों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता और पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम ज्वाप जमुनिया के रहने वाले संदीप पटेल ने लगभग 9 वर्ष पहले ग्राम सहजपुर निवासी गोविंद सोनी से 15 एकड़ कृषि भूमि सिकमी यानी बटाई पर खेती करने के लिए ली थी। तभी से संदीप का परिवार इस जमीन पर खेती कर रहा है। इस पूरी जमीन में से करीब दो एकड़ का हिस्सा गोविंद प्रसाद ने ग्राम जमुनिया के रहने वाले गुड्डू उर्फ लक्ष्मण पटेल से खरीदा था, जिस पर पहले गुड्डू ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था, लेकिन बाद में गोविंद ने अपना कब्जा वापस ले लिया था। इस बात को लेकर गुड्डू और उसके बेटे कृष्णा पटेल को यह संदेह था कि संदीप पटेल की वजह से ही वह जमीन उनके हाथ से निकल गई। इसी रंजिश के कारण दोनों पिता-पुत्र ट्रैक्टर लेकर संदीप के खेत पर पहुंचे और 15 एकड़ में लगी फसल को कुचल दिया। जब संदीप और उसके बेटे सार्थक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak