जबलपुर। अमरकंटक एक्सप्रेस के ए-2 कोच में 22 जून 2026 को रायपुर से इटारसी लौट रहे यात्री नीलेश मालपानी और उनकी पत्नी का साढ़े 10 लाख रुपए का कीमती सामान चोरी हो गया। सुबह 5:50 बजे रेल मदद एप पर शिकायत मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और शासकीय रेलवे पुलिस तुरंत सक्रिय हो गईं। पीड़ित के मोबाइल की अंतिम लोकेशन मदनमहल स्टेशन के पास मिली थी, जिसके बाद फोन बंद हो गया था। हालांकि चालू एयरपॉड की लाइव लोकेशन ने इस वारदात का खुलासा कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों ने गोहलपुर के सर्वोदय नगर में दबिश देकर शातिर आरोपी रितेश आसवानी उर्फ कालू उर्फ अमित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस बड़ी कामयाबी के बाद अब दोनों ही विभाग इस कार्रवाई का पूरा श्रेय लेने का दावा कर रहे हैं।
हाइटेक गैजेट ने खोला चलती ट्रेन का राज
पीड़ित नीलेश मालपानी के अनुसार उनके बैग में एप्पल आईफोन, एयरपॉड, चार्जर, नगदी और सोने के जेवरात रखे हुए थे। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने शिकायत मिलने पर तकनीकी जांच शुरू की। सुबह करीब 8 बजे पीड़ित ने सूचना दी कि बंद मोबाइल के साथ रखा एयरपॉड चालू है, जिसकी लोकेशन गोहलपुर क्षेत्र के सर्वोदय नगर की घनी बस्ती में आ रही है। आरपीएफ की टीम तुरंत सिविल ड्रेस में मौके पर रवाना हुई। बारिश के बीच लगातार ट्रैक करते हुए टीम सटीक मकान तक पहुंची। वहां आरोपी रितेश आसवानी अपने घर में सो रहा था, जिसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। मौके से साढ़े 10 लाख रुपए मूल्य का शत-प्रतिशत सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
बड़ी सफलता के बाद श्रेय की मची जंग
इस बड़ी बरामदगी के बाद आरपीएफ और जीआरपी में श्रेय लेने का विवाद शुरू हो गया है। आरपीएफ का दावा है कि उसकी टीम ने कड़ी मशक्कत से चोर को पकड़ा और फिर जीआरपी को सौंप दिया। दूसरी तरफ जीआरपी एसपी सुंदर सिंह कनेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आधिकारिक घोषणा की कि उनकी विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और लोकेशन ट्रेस करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एप्पल आईफोन, एयरपॉड, चार्जर, 2000 रुपए नगद, 3.30 लाख रुपए का सोने का हार, 1.50 लाख रुपए के सोने के टॉप्स, 2.50 लाख रुपए की चार सोने की अंगूठियां, 45 हजार रुपए के 3 ग्राम के टॉप्स और 2.50 लाख रुपए का 13 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट जब्त हुआ है। पीड़ित ने सुरक्षित सामान मिलने पर रेलवे और सुरक्षा बलों का आभार जताया है।
