जबलपुर। रेलवे में मुख्यालय स्तर पर महाप्रबंधक के साथ मान्यता प्राप्त यूनियनों की स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) बैठकें समय-समय पर आयोजित की जाती हैं, जिसमें औद्योगिक संबंधों और परिचालन सुधारों पर चर्चा होती है। इस बैठक में पमरे डबलूसीआरएमएस के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की अनेक मांगों को रखा, जिस पर विचार कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया.
इसी क्रम में दो दिवसीय मुख्यालय पर 07 मई को महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह के साथ वर्ष 2026 की पहली पीएनएम बैठक आयोजित की गई, जिसमें मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियन पमरे मजदूर संघ (डबलूसीआरएमएस) के प्रतिनिधि शामिल हुए। और यूनियन द्वारा संरक्षा, परिचालन सुधार एवं कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में महाप्रबंधक श्री सिंह ने कहा कि हमारा संगठन न केवल यातायात का एक सशक्त माध्यम है, बल्कि देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। और साथ ही पश्चिम मध्य रेल द्वारा नई परियोजनाओं का क्रियान्वयन, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से सुरक्षित, आरामदायक यात्रा तथा सुगम और प्रभावी माल यातायात सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 पश्चिम मध्य रेल के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर कमीशनिंग, नई लाइन निर्माण, दोहरीकरण/तिहरीकरण, रेल फ्लाईओवर निर्माण, स्क्रैप बिक्री, यात्री सुविधाओं में विस्तार, तकनीकी नवाचार के प्रयोग से संरक्षित रेल परिचालन सहित उपलब्धियों से भरा वर्ष साबित हुआ है। आयोजित पीएनएम बैठक में, महाप्रबंधक श्री सिंह ने रेलवे के परिचालन में सुधार के लिए कर्मचारी भागीदारी पर जोर दिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे प्रशासन और कर्मचारियों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना, परिचालन में आ रही दिक्कतों को दूर करना और कर्मचारी कल्याण से जुड़े मुद्दों का समाधान करना है। बैठकों में की गई चर्चा के आधार पर कार्यवृत्त जारी किए जाते हैं और लंबित मामलों पर भी विचार कर आवश्यक कार्यवाही एवं आश्वासन सुनिश्चित किया जाता है।
इस अवसर पर कार्मिक विभाग के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री एस. डी. पाटीदार, मुख्य कार्मिक अधिकारी/आईआर श्री अजय कुमार दीक्षित एवं सचिव महाप्रबंधक श्री जे पी सिंह सहित और अन्य वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी तथा मुख्य कल्याण निरीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस बैठक में मजदूर संघ की ओर से जोनल अध्यक्ष, जबलपुर मंडल सचिव डीपी अग्रवाल, मंडल सचिव एसएन शुक्ला, संदीप श्रोतीय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे.
