जबलपुर। मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार को दोपहर के समय शहर के विभिन्न हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। शहर के कई इलाकों में एक साथ धूप और बारिश का अनोखा संगम देखने को मिला। गर्मी के इस मौसम में बार-बार हो रही इस मानसूनी हलचल ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। पिछले 1 सप्ताह से जिले में लगातार इसी तरह की स्थिति बनी हुई है। आसमान में बादलों के डेरा डालने से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है।
शहर के कई हिस्सों में वर्षा
दोपहर में अचानक घने बादल छाने के बाद अधारताल, गढ़ा, मदन महल और सिविल लाइन जैसे क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। वहीं कुछ मोहल्लों में तेज धूप के बीच ही बौछारें गिरती रहीं। अचानक हुई इस बारिश से सड़कों पर पानी जमा हो गया और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित ठिकानों की तलाश में इधर-उधर भागना पड़ा।
गर्मी के बीच बढ़ी परेशानी
मई के महीने में लोग जहां भीषण गर्मी और लू की उम्मीद कर रहे थे, वहीं इस बेमौसम बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उमस के कारण घरों और दफ्तरों में लोग बेहाल नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी के कारण स्थानीय स्तर पर बादलों का निर्माण हो रहा है, जिससे हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा रही है।
