जबलपुर। मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने जिले के बरगी डैम हादसे स्थल का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय कांग्रेस नेता संजय यादव भी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए। सिंगार ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह से असंवेदनशील हो चुकी है और इस दुखद घटना के बाद भी जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस मौके पर जबलपुर एसडीएम अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे।
बरगी हादसे में सरकार की लापरवाही
नेता प्रतिपक्ष ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि केवल जांच की बात करना काफी नहीं है। हादसे के इतने समय बीत जाने के बावजूद दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा के प्रति सरकार गंभीर नहीं है।
पर्यटन विभाग की लचर व्यवस्था
उमंग सिंगार ने पर्यटन विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खोलते हुए कहा कि मौके पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। यहां तक कि पर्यटन विभाग के पास तूफानों और आपात स्थितियों से निपटने के लिए कोई उपकरण तक मौजूद नहीं है। उन्होंने इस बात पर गहरा दुख जताया कि पर्यटकों के लिए लाइफ जैकेट जैसी बुनियादी सुरक्षा सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से सभी पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों को सख्त करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
