जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ रहने वाले दो परिवारों ने अपने पड़ोसियों पर मारपीट, पत्थरबाजी और मकान खाली करने का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कटरा क्षेत्र की निवासी विभा बेलाकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पड़ोस में रहने वाले रूबी खान और असलम खान लंबे समय से विवाद कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार आरोपी उनके घर की तरफ अंडे के छिलके और अन्य आपत्तिजनक सामग्री फेंकते हैं। असलम खान ने अपने घर की खिड़कियां विभा के घर की तरफ खोल रखी हैं, जहाँ से यह सामग्री और पत्थर फेंके जाते हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज की जाती है। गाड़ी खड़ी करने जैसी छोटी बातों पर भी विवाद किया जाता है और मकान बेचकर इलाका छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।
बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी
इसी तरह की एक अन्य घटना दुर्गा नगर में सामने आई है, जहाँ 68 वर्षीय बुजुर्ग राधा जायसवाल ने शिकायत की है। उनका बेटा बाहर रहता है और वह अकेली रहती हैं। राधा जायसवाल के अनुसार 21 अप्रैल 2026 की दोपहर को पड़ोस की अंजुम खान कुछ अज्ञात युवकों के साथ उनके घर में घुसीं और उनसे मारपीट की। उसी दिन शाम को फिर से कुछ लोग उनके घर में घुसे और मकान न बेचने पर जान से मारने की धमकी दी। बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया है कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया गया और घर में हड्डियां फेंककर धार्मिक भावनाएं आहत की गईं।
पुलिस जांच व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
राधा जायसवाल का कहना है कि उन्होंने 21 अप्रैल को भी इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा उनके परिवार पर झूठा केस दर्ज करा दिया गया। अब दोनों पीड़ित परिवारों ने वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने मामले के आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
