पुलिस के अनुसार सतरिया गांव निवासी दामोदर पटेल उम्र 45 वर्ष मंडी में अनाज बेचकर देर रात मोटर साइकल से अपने घर के लिए निकले, जब वे समन्ना गांव से आगे बढ़ रहे थे, इस दौरान सामने से आए भारी वाहन को साइड देने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लोहे की सरिया से लोड खड़ी टै्रक्टर-ट्राली से टकरा गए। जिससे सरिया उनके पेट में घुस गई, इस दौरान गढ़ी मोहल्ला निवासी शेख शफीक वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने दामोदर के पेट में सरिया घुसा देखा और देहात थाना पुलिस को सूचना दी। लोगों की मदद लेकर सरिया बाहर निकाला। ज्यादा खून बहने से रोकने के लिए बैग और तौलिए को पेट से बांधकर उसे अस्पताल भेजा गया। जहां पर दामोदर की हालत को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल में दामोदार की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई है।