khabar abhi tak

महाकौशल यूनिवर्सिटी बना अखाड़ा, कुलपति और कुलसचिव के गुट आपस में भिड़े,लात-घूंसे चले



जबलपुर। महाकौशल प्राइवेट यूनिवर्सिटी में वर्चस्व और आर्थिक लाभ को लेकर चल रहा विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। यहाँ शिक्षा के व्यवसायीकरण और फर्जीवाड़े से होने वाली आय के बंटवारे को लेकर कुलपति और कुलसचिव के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि यूनिवर्सिटी परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और बेसबॉल के डंडे चले। इस घटना के बाद कैंपस में अफरातफरी मच गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

परीक्षा परिणामों को लेकर शुरू हुआ था विवाद

यूनिवर्सिटी में चल रहे इस पूरे घटनाक्रम की मुख्य वजह परीक्षा परिणामों की घोषणा में होने वाले लेनदेन को बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से परिणामों को जारी करने की प्रक्रिया में आपसी खींचतान चल रही थी। यह विवाद 7 मई को पहली बार खुलकर सामने आया, जब कुलपति आरसी मिश्रा और कुलसचिव रामप्रकाश चौबे के बीच तीखी बहस हुई। धीरे-धीरे इस विवाद ने गुटीय राजनीति का रूप ले लिया, जिसमें यूनिवर्सिटी के अन्य कर्मचारी और शिक्षक भी शामिल हो गए।

कुलाधिपति की मौजूदगी में हुई मारपीट

यूनिवर्सिटी में बढ़ते तनाव को देखते हुए सागर से कुलाधिपति डॉ. अनिल मिश्रा 8 मई को जबलपुर पहुंचे। उन्होंने मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों की एक संयुक्त बैठक बुलाई। बैठक के दौरान ही माहौल गरमा गया और दोनों गुटों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच कुलसचिव कार्यालय पहुंचे कर्मचारी रामेश्वर रघुवंशी और फार्मेसी विभाग के शिक्षक अमन शुक्ला के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान कुलसचिव को पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया गया और उनसे जबरन इस्तीफा लिखवा लिया गया। बाद में कुलसचिव ने थाने में शिकायत की कि उनसे दबाव में इस्तीफा लिया गया है।

पुलिस तक पहुंचा मामला,बाहरी तत्व भी घुसे

विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस ने दखल दिया। कर्मचारी रामेश्वर रघुवंशी ने तिलवारा थाना में शिकायत दर्ज कराई कि कुलाधिपति के साथ सागर से आए कुछ युवकों ने उनके और उनके साथी अमन शुक्ला के साथ मारपीट की है। वहीं दूसरी ओर कुलपति आरसी मिश्रा ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि बैठक के दौरान कुलसचिव के समर्थकों ने हमला किया। विवाद यहीं शांत नहीं हुआ, 8 मई की देर रात यूनिवर्सिटी कैंपस में कुछ बाहरी युवकों ने घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि ये युवक मारपीट में घायल हुए कर्मचारी के समर्थन में आए थे।

यूनिवर्सिटी प्रशासन भी करेगा जांच

इस हिंसक घटना के बाद यूनिवर्सिटी की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कुलाधिपति डॉ. आरसी मिश्रा का कहना है कि जबलपुर स्थित यूनिवर्सिटी में हुए विवाद की जानकारी मिली है और जल्द ही इस पर आंतरिक जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak