नरसिंहपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के नरसिंहपुर स्टेशन पर गुरुवार 7 मई को मुंबई-हावड़ा डाउन मेल में यात्रा कर रहे एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यात्री 36 वर्षीय रमेश मुंबई से कोडरमा जंक्शन जा रहा था। रेलवे अधिकारियों को सूचना मिली कि यात्री चिकन पॉक्स से पीडि़त है और यात्रा के दौरान बार-बार बेहोश हो रहा है। इसके बाद ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचते ही स्थिति संभाली गई।
स्टेशन पर मौजूद रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने तुरंत यात्री की जांच की और प्राथमिक उपचार दिया। दवाइयां देने के बाद यात्री की हालत में सुधार होने पर आगे यात्रा की अनुमति दी गई। डॉक्टर ने बताया कि मरीज की हालत अत्यधिक गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण और बिगड़ गई थी। उन्होंने कहा कि चिकन पॉक्स एक संक्रामक बीमारी है जो तेजी से फैल सकती है।
यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील
डॉक्टर ने कहा कि ऐसी बीमारी में मरीज को आराम, तरल पदार्थ और सही दवा की जरूरत होती है। गंभीर स्थिति में यात्रा करना मरीज और अन्य यात्रियों दोनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। रेलवे डॉक्टर ने यात्रियों से अपील की कि बीमारी की स्थिति में यात्रा से बचें और चिकित्सक की सलाह के बाद ही सफर करें, ताकि किसी अन्य को संक्रमण का खतरा न हो।
