बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट में रेत माफियाओं की करतूत फिर सामने आई है. एक हेड कॉन्स्टेबल को जान से मारने के प्रयास में रेत से भरे ट्रैक्टर से उन्हें रौंद दिया. हमले में कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए गोंदिया रेफर किया गया है.
पूरा मामला लालबर्रा थानांतर्गत आने वाले पलाकामठी गांव का है. जहां अवैध रेत उत्खनन व परिवहन की शिकायत पर कार्रवाई करने पंहुची पुलिस टीम पर रेत माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया. दरअसल अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कॉन्स्टेबल सुनील विश्वकर्मा और हेड कॉन्स्टेबल राजेश्वर राहांगडाले मौके पर पंहुचे. जहां पर वे रेत से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली को रोककर चालक से पूछताछ करने लगे. इसी कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए वीडियो क्लीपिंग बना रहे पुलिसकर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया.
हेड कॉन्स्टेबल गंभीर घायल
इस दर्दनाक हादसे में हेड कॉन्स्टेबल राजेश्वर राहांगडाले गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल लाया गया. सर्जिकल स्पेश्लिस्ट डॉ. शुभम लिल्हारे ने बताया कि, हेड कॉन्स्टेबल की बांये तरफ की काफी पसलियां टूट चुकी हैं. जिससे उनके फेफड़े में चोट होने की संभावना है. साथ ही सांस लेने में तकलीफ हो रही है. हालांकि सीटी स्कैन में इंटरनल ब्लीडिंग न होने की पुष्टि के बाद, प्राथमिक उपचार देकर हालत स्थिर की गई. उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोंदिया (महाराष्ट्र) रेफर किया गया है.
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
इस घटना के बाद तत्काल पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है. बालाघाट जोन के आईजी ललित शाक्यवार ने बताया, अवैध रेत खनन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. जहां रेत माफिया ने ट्रैक्टर से पुलिस टीम पर हमला कर दिया. ट्रैक्टर से कुचलकर हेड कॉन्स्टेबल राजेश्वर राहांगडाले गंभीर रुप से घायल हुए हैं. उन्हें इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया है. पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया है. मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है.
