जबलपुर। शहर में गर्मी के मौसम को देखते हुए आम जनता की सुरक्षा के लिए पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी और नगर निगम ने मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में एक विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिजली के ट्रांसफार्मरों, डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स और बिजली के खंभों के पास किए गए अवैध कब्जों और असुरक्षित निर्माणों को हटाना है। मैदानी अमले के साथ चीफ इंजीनियर एसके गिरिया व अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा भी मौजूद रहे।
35 टीमों ने संभाला मोर्चा,तपती दोपहरी में चला अभियान
बुधवार को शुरू हुए इस अभियान में बिजली कंपनी की 35 टीमों को लगाया गया। इन टीमों ने शहर के चारों ओर घूमकर ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जहां लोग बिजली उपकरणों से असुरक्षित दूरी पर रह रहे थे या अवैध रूप से अतिक्रमण किए हुए थे। इस काम में नगर निगम की 4 अतिक्रमण रोधी टीमों को भी साथ लिया गया ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। यह पूरा अभियान मुख्य अभियंता श्री एस.के. गिरिया के सख्त निर्देशों के तहत चलाया गया। गर्मी के मौसम में बिजली के उपकरणों के पास बढ़ते खतरे को देखते हुए इन जगहों को खाली कराना बेहद जरूरी हो गया था।
उपकरणों के मरम्मत का भी जारी रहा
इस पूरी कवायद के संबंध में अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में लोग बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों के बिल्कुल नीचे अतिक्रमण कर लेते हैं। कई स्थानों पर शरारती तत्वों द्वारा ट्रांसफार्मर और स्काडा प्रणाली के अंतर्गत लगे आरएमयू बॉक्स के ढक्कन तोड़ दिए गए थे या चोरी कर लिए गए थे। कंपनी ने त्वरित कदम उठाते हुए इन सभी बॉक्स पर नए ढक्कन लगाए हैं और साथ ही कांटेदार तार लगाकर फेंसिंग और वेल्डिंग का मजबूत काम किया है। इसके अलावा कुछ जगहों पर गार्डिंग की गई है और तारों की सुरक्षित ऊंचाई बनाए रखने के लिए बीच-बीच में नए बिजली के खंभे भी लगाए गए हैं।
लालपुर अमले ने दी गई सख्त चेतावनी
शहर के लालपुर क्षेत्र में एक नए मकान का निर्माण किया गया था जो पहले से स्थापित बिजली के खंभे से बिल्कुल सटा हुआ था। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने या करंट फैलने की आशंका बनी हुई थी। नगर निगम की टीम जब इस अतिक्रमण को हटाने पहुंची तो मकान मालिक ने 4 दिन की मोहलत मांगी। विभाग ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें 4 दिन का समय तो दे दिया, लेकिन साथ ही स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
पशियाना में विरोध के बावजूद काटी अवैध केबल
शहर के विभिन्न इलाकों जैसे बिलहरी, आधारताल, गोरखपुर, रांझी, विजयनगर और दमोहनाका में कार्यपालन अभियंताओं के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पशियना क्षेत्र में बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने पहले एक बड़ा अतिक्रमण पकड़ा था जिसमें एलटी लाइन की केबल को घर के ऊपरी कमरे की दीवार के अंदर दबा दिया गया था। विभाग द्वारा कई बार नोटिस देने के बावजूद संबंधित व्यक्ति ने अतिक्रमण नहीं हटाया। आज जब नगर निगम के साथ टीम मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इसके बावजूद कार्यपालन अभियंता अभिषेक विश्वकर्मा की मौजूदगी में टीम ने एलटी लाइन की मुख्य केबल को खंभे से काटकर अलग कर दिया। इससे आम जनता को किसी भी बड़े खतरे से सुरक्षित कर लिया गया है।
