पुलिस के अनुसार करैया गांव निवासी विजय अहिरवार उम्र 25वर्ष, गुड्डे अहिरवार 25 वर्ष व मुलायम अहिरवार 30 वर्ष अपनी बाइक से हिंडोरिया जाने के लिए निकले। इस दौरान इंदौर से कटनी जा रहे ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगते ही तीनों युवक उछलकर सामने की ओर गिरे, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई। वहीं दुर्घटना में चालक ट्रक लेकर भागा और आगे जाकर एक पेड़ से टकरा गया, जिससे ट्रक का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वही चालक केबिन के अंदर ही फंसा रहा गया। घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हालत को देखते हुए तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
आगे जाकर एक पेड़ से टकराया ट्रक, चालक की केबिन में फंसकर मौत-
टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ आगे जाकर ट्रक एक पेड़ से टकरा गया। पेड़ से टकराने के बाद ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ के जवानों को बुलाया गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मृतक ट्रक चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।